Wednesday, August 7, 2019

kiss का अर्थ

ये बात हमने आज तक किसी को नहीं बताई है पहली बार क्वोरा पर लिख रहे हैं। जो बात मैं आपको बताने जा रहा हूँ वह लगभग 13–14 साल पुरानी है जब मैं पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। अपने मुँह मियां मिट्ठू तो नहीं बनना चाहते लेकिन उस वक्त हम बहुत ही प्यारे और मनमोहक रहे होंगे। हमारी कक्षा में एक प्यारी सी लड़की थी। उसका चेहरा पूरी तरह से तो अब याद नहीं , लेकिन हाँ इतना याद है कि उसकी आंखे भूरी और मुस्कान बहुत अच्छी थी। बचपन था तो भोलापन भी था और उसी भोलेपन में हमें उस लड़की को देखना बहुत अच्छा लगता था और वो लड़की भी हमें देखकर हमेशा मुस्कुराती थी। तो हुआ कुछ यूँ कि पांचवीं कक्षा के अंतिम कुछ महीने रह गए थे और छठी कक्षा से हम हॉस्टल में जाने वाले थे। और ये बात कक्षा में सबको मालूम थी और चर्चा का विषय भी। तो इन्हीं दिनों में से एक दिन हम पानी पीने के लिए गए ( उस वक्त में स्कूलों में आज की तरह वाटर कूलर नहीं होते थे और एक पेड़ की छाया में सीमेंटेड टंकी बनाकर उसी में से 3–4 नल निकाल दिए जाते थे और उसी में से पानी पिया जाता था। ) जब हम पानी पी रहे थे तो तभी वो लड़की जिसका हम पहले जिक्र कर चुके हैं, वह भी आयी और हमसे बोली ' मुझे तुम्हे kiss करना है। क्या मैं तुम्हें kiss कर सकती हूँ?' आप सोचिये हमने क्या जवाब दिया होगा ?
आपके कल्पना के घोड़े भी जहाँ नहीं पहुंच सकते असल में वह हुआ। हमें ये लिखते हुए भी आज शर्म आ रही है कि हमे उस टाइम kiss का मतलब ही नहीं मालूम था। आप ये मत सोचिये कि हम निरे बुद्धू या नालायक थे हम कक्षा के चंद होशियार बच्चों में से एक थे लेकिन हमारी होशियारी किसी काम की नहीं थी क्यूंकि हमें kiss का मतलब जो नहीं पता था। हमने पानी पिया और लड़की की तरफ देखा, मुस्कुराये और वापिस कक्षा में आकर बैठ गए और बचपन हमारे ऊपर कुछ ज्यादा ही हावी था तो घर जाकर उस बात को भूल भी गए। तब उसके बाद लड़की ने दोबारा कुछ नहीं कहा और हम कुछ महीनों बाद हॉस्टल में चले गए और छठी कक्षा में हमारे अंग्रेजी के अध्यापक में पहले दिन ही पूरी कक्षा से एक अंग्रेजी शब्दकोश खरीद लेने के लिए कहा। एक दिन अंग्रेजी का ही पाठ पढ़ते हुए kiss शब्द बीच में आया और हमे उस लड़की की कही बात भी याद आ गयी। तब हमने शब्दकोश में जब kiss का अर्थ देखा तो लिखा हुआ था "चुंबन" या "चुम्मा"। तब हमें पता लगा कि वो लड़की हमारा चुम्मा लेना चाहती थी और फिर हम सोचते रहे लेकिन क्यों ?? और फिर हॉस्टल में रहते हुए हमें पुस्तकालय से पुस्तकें पढ़ने की आदत बन गयी और हमने काफी उपन्यास आदि पढ़े जिनके अध्ययन के परिणामस्वरूप हमारी समझ , भावनाओं और अंग्रेजी , तीनों में परिपक्वता आयी और जब भी kiss शब्द कहीं भी पढ़ते तो हमे वो लड़की और उसकी बात याद आती। हमें ये भी समझ में आया कि वो हमसे प्यार करती थी और हम भी उससे प्यार करते थे तभी हमें उसे मुस्कुराते हुए देखकर अच्छा लगता था हालाँकि जब तक हमें ये बात समझ में आयी तब तक वो लड़की पता नहीं कहाँ जा चुकी थी। हम उसे दोबारा कभी नहीं मिल पाए। लेकिन उसकी वो भूरी आंखें और मुस्कान उम्र भर नहीं भुला सकते। और ये kiss वाली घटना तो शायद अगले जन्म तक भी नहीं भूलेंगे। लेकिन अब कुछ सालों से हम यह देख रहे हैं कि लोग छोटे छोटे बच्चो को माँ, मम्मी और पापा कहना बाद में सिखाते हैं kiss , flying kiss जैसी चीजें पहले ही सीखा देते हैं ऐसा लगता है मानो सारा संसार मेरे बचपन की घटना को जानता है और उससे सबक लेकर अपने बच्चो को पहले ही प्रशिक्षित कर रहा है।
उस लड़की के बारे में जब इतना सोचा तो उसकी एक और घटना याद आयी। उसने एक बार स्कूल में आकर मुझे अपनी कलाई दिखाई उसपर मेहँदी से मेरा नाम लिखा हुआ था उस वक्त मुझे लगा था कि ये लड़की कितनी अजीब है जो मेरा नाम इसने कलाई पर लिख लिया। लेकिन आज सोचता हूँ तो सिर्फ कल्पना ही कर पाता हूँ कि पता नहीं कैसे जिद्द करके उसने मेरा नाम लिखवाया होगा या चुपके से खुद ही लिख लिया होगा। हालाँकि मैं नहीं जानता क्यों मैंने यह पता करने का ज्यादा प्रयास भी नहीं किया कि वो अब कहाँ है सिवाय भूरी आँखों वाली लड़कियों को गौर से देखने के। लेकिन जानता हूँ अगर हमें मिलना हुआ तो जरूर मिल जायेंगे।
आज जब बचपन की अपेक्षा थोड़ी बहुत ज्यादा समझ है तो इस घटना को याद करके और हमारे बचपन का विश्लेषण करके हमें जो बातें स्पष्ट समझ में आती हैं वो आपको भी बताना चाहेंगे:-
1.लड़कियाँ भावनात्मक रूप से जल्दी परिपक्व हो जाती हैं।
2.प्यार और आकर्षण की कोई उम्र नहीं होती।
3.बचपन का प्यार अधिक पवित्र और भावनात्मक होता है और जवानी में ये भावनात्मक कम और शारीरिक आकर्षण अधिक हो जाता है।
4.कुछ यादें कभी दिमाग से नहीं निकल सकती और इनमे से कुछ सचमुच इस लायक होती हैं कि उन्हें जिंदगी भर याद रखा जाये।
तो ये थी हमारे बचपन की घटना जो हम कभी नहीं भूल पाएंगे और ना हम भूलना चाहते हैं। अगर लिखने में किसी तरह की त्रुटि हो गयी हो तो माफ़ी चाहते हैं। अगर किसी लड़की को लगता है की ये उसके बचपन की घटना है तो जरूर बताएं। हम kiss का अर्थ जान चुके हैं।

हार्दिक आभार

kiss का अर्थ

ये बात हमने आज तक किसी को नहीं बताई है पहली बार क्वोरा पर लिख रहे हैं। जो बात मैं आपको बताने जा रहा हूँ वह लगभग 13–14 साल पुरानी है जब मैं ...